Headlines

ड्रग तस्कर ने पुलिसकर्मियों को कुचला, ग्रामीणों की मदद से पकड़ा गया

हैदराबाद। हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग (एच-एनईडब्ल्यू) के नारकोटिक्स अभियान के दौरान ड्रग तस्कर ने भागने की कोशिश की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस दौरान उसने अपनी कार से तीन पुलिसवालों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए।

रविवार को शहर के बीचों-बीच एबिड्स इलाके के तिलक रोड पर यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, ड्रग तस्करी की जानकारी मिलने पर (एच-एनईजब्ल्यू) टीम ने संदिग्धों को पकड़ने के लिए तिलक रोड पर एक अभियान चलाया। पुलिस टीम ने संदिग्ध ड्रग पेडलर को एक दुकान के पास एक कार में सप्लाई करने के लिए आते हुए देखा। कार में बैठे आदमी ने एक पैकेट दूसरे आदमी को दे दिया। पुलिसवालों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पैकेट लेने वाले संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। जब (एच-एनईजब्ल्यू) टीम ने कार को रोका तो गाड़ी चला रहे शख्स ने कार को एक तरफ पार्क करके नीचे उतरने का नाटक किया, लेकिन अचानक गाड़ी तेज कर दी और भागने की कोशिश में पुलिसवालों को टक्कर मार दी। पुलिस कांस्टेबल महेंद्र यादव के पैर में फ्रैक्चर हो गया।

पुलिस ने भाग रहे ड्रग पेडलर का पीछा किया और उसे अफजल गंज के पास हिरासत में ले लिया। इस दौरान, इंस्पेक्टर श्रीकांत और एक दूसरे कांस्टेबल वामसीधर को भी मामूली चोटें आईं। आरोपी की पहचान शहर के हुसैनी आलम इलाके के रहने वाले सैफ के तौर पर हुई है। महेंद्र को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अबिड्स और अफजल गंज पुलिस स्टेशनों में हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया। पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि आगे की जांच चल रही है।

वहीं, रविवार रात हैदराबाद के राजेंद्रनगर इलाके में एक कार की टक्कर से एक पैदल चल रहे यात्री की मौत हो गई। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी ड्राइवर को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। कार में एक महिला भी बैठी थी। आरोपी ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान साई नितिन के तौर पर हुई है। पुलिस ने कहा कि वह बहुत ज्यादा नशे में था। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *