रायगढ़। जिले के एसएसपी साहब पुलिस की पीठ थपथपा रहे हैं। क्योंकि छाल पुलिस ने SECL धरमखदान में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स एवं लोहे के पाइप चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी का लगभग ₹1.20 लाख का सामान तथा घटना में प्रयुक्त 3 मोटरसाइकिल सहित कुल करीब ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।
सुरक्षा प्रहरी दिलीप कुमार राठिया ने चोरी की शिकायत रात में की थी, सुबह तक चोर दबोच लिए गए
छाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि रात्रि करीब 8 बजे से 11 बजे के मध्य धरमखदान में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, ट्रांसफार्मर केबल, पानी पंप के पार्ट्स एवं लोहे के पाइप, कुल कीमत करीब ₹1,20,000, अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी कर लिए गए और ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
रिपोर्ट पर थाना छाल में अप.क्र. 185/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुएएसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान द्वारा तत्काल टीम गठित कर आरोपियों एवं चोरी गए माल की पतासाजी शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल एवं अन्य लोहे का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दीपक पात्रो, शनिचराम अरमु, छतन धनवार, रूपभवन सिंह उइके, टुपाल सिंह मरावी एवं भारत सिंह मरकाम बताया। आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने 06 अगस्त की रात धरमखदान से ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप की बॉडी एवं लोहे के पाइप चोरी करना तथा चोरी के सामान को आपस में बांट लेना स्वीकार किया।