रायपुर। सिलतरा लूट मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित राहुल गौतम ने सिलतरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 09.08.2026 को वह ग्राम सांकरा स्थित एटीएम से 22,500 निकालकर राशि को अपनी पैंट की जेब में रखकर घर जा रहा था। दोपहर करीब 12ः00 बजे सिलतरा रोड स्थित तिरूमाला बालाजी कंपनी के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया तथा उससे पैसे मांगते हुए गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगे।
इसी दौरान सभी आरोपी पीड़ित के गर्दन पर चाकू रखकर उसकी जेब में रखें नगदी रकम 22,500 रूपये एवं वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूट कर तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से सांकरा की ओर फरार हो गए।
आरोपियों द्वारा की गई मारपीट से प्रार्थी के दाहिने हाथ की कलाई सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना सिलतरा में अपराध क्रमांक 23/26 धारा 309(4), 309(6), 111 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सिलतरा के नेतृत्व में थाना सिलतरा पुलिस की टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए मुखबिर लगाया गया। आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन के संबंध में भी जानकारी एकत्र की गई तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं पतासाजी के प्रयास लगातार किए जा रहे थे।
इसी दौरान पुलिस टीम को घटना में संलिप्त आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम सांकरा निवासी आरोपी सतीश कुर्रे, सत्यप्रकाश टण्डन एवं संदीप कुर्रे उर्फ चीनी को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
आरोपी
सतीश कुर्रे
सत्यप्रकाश टण्डन
संदीप कुर्रे उर्फ चीनी