बांग्लादेश। रंगपुर शहर में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. एक बंद घर के अंदर रिटायर्ड स्कूल टीचर, उनकी पत्नी, बेटी और 12 साल के बेटे के शव बरामद किए गए हैं. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि चारों की गला घोंटकर हत्या की गई है. पुलिस, CID और डिटेक्टिव ब्रांच (DB) की टीमें संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं.
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रंगपुर शहर के दासपारा (मछुआपारा) इलाके में शनिवार रात करीब 11:30 बजे चारों शव बरामद किए गए. मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है.
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली पुलिस स्टेशन के प्रभारी नजमुल कादर ने घटना की पुष्टि की है. वहीं रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के प्रभारी सुबीर चौधरी ने बताया कि मां और बेटी के शव सीढ़ियों से बरामद किए गए, जबकि गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत पर मिला. उनके 12 वर्षीय बेटे का शव एक बेड के नीचे पाया गया.
CID अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आशंका है कि चारों की गला घोंटकर हत्या की गई. वारदात गुरुवार आधी रात से शुक्रवार तड़के के बीच किसी समय हुई हो सकती है. हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी.