मंदिर हसौद में लावारिस अवस्था में नवजात शिशु मिला

रायपुर। आज थाना मंदिर हसौद क्षेत्रांतर्गत मोनेट रोड, चिरकुतहीन माता मंदिर के पास एक नवजात शिशु लावारिस अवस्था में मिला है।

सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि लगभग 10 दिन का नवजात शिशु किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वहां छोड़कर चला गया था। नवजात शिशु को लावारिस अवस्था में देखकर पुलिस टीम ने मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए तत्काल उसे सुरक्षित अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), मंदिर हसौद पहुंचाया।पुलिस की मानवीय पहल के तहत नवजात शिशु को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराते हुए उसकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के उपरांत नवजात शिशु को शिशु वार्ड में सुरक्षित भर्ती कराया गया, जहां उसकी आवश्यक देखभाल की जा रही है। इस कार्यवाही में मंदिर हसौद टाइगर वन के पुलिसकर्मी आर. राजेश यादव और चालक टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस द्वारा नवजात शिशु को मौके पर छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान एवं घटना के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है। साथ ही नवजात शिशु की सुरक्षा एवं उचित देखभाल के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक सूचना दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *