रायपुर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर बाजारों में खरीदारी के लिए बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा पहले से ही बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में बीते रविवार को रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के बीच मालवीय रोड क्षेत्र में पुलिस द्वारा की जा रही पैदल पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक छोटे बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी हुआ है।

सूचना मिलते ही एसीसीयू एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं एवं बच्चों के आसपास घूमती तथा मौका पाकर उनके गले के आसपास हाथ लगाती हुई दिखाई दीं। सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त हुलिये के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों महिलाओं ने अपना नाम नंदनी राजपूत एवं सानिया मकीम, निवासी गुढियारी रायपुर बताया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया, किंतु सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने महिलाओं एवं छोटे बच्चों को निशाना बनाकर उनके गले से सोने के लॉकेट, चेन एवं अन्य आभूषण चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों से विस्तृत पूछताछ करने पर उन्होंने गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा मेला स्थलों में घूम-घूमकर इसी तरीके से चोरी की कुल 07 घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए विभिन्न सोने एवं चांदी के आभूषण कीमती लगभग 10 लाख रूपये, नगदी रकम 9,700 ₹ तथा घटनाओ से संबंधित 01 एक्टिवा वाहन एवं 05 नग मोबाइल फ़ोन जुमला कीमती लगभग 12 लाख रूपये जप्त किए गए हैं। चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ एवं जांच जारी है।
रक्षाबंधन के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस की विशेष सतर्कता
रक्षाबंधन पर्व के दौरान मालवीय रोड, गोलबाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों में बड़ी संख्या में नागरिक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। भीड़ का फायदा उठाकर चोरी एवं अन्य अपराध करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा पैदल पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसी सतर्कता एवं सक्रिय पुलिसिंग का परिणाम रहा कि रक्षाबंधन पर्व की भीड़ बढ़ने से पहले ही महिलाओं एवं बच्चों को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने वाली दोनों महिला आरोपियों को पकड़ लिया गया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से त्यौहारी भीड़ के दौरान इस तरह की कई संभावित चोरी की वारदातों को टालने में सफलता मिली है।
गिरफ्तार महिला आरोपी
01. नंदनी राजपूत पति मोहन राजपूत नोपाली उम्र 32 वर्ष निवासी रामनगर कर्मा चौक थाना गुढियारी, रायपुर।
02. सानिया मरकाम पिता कोमल मरकाम उम्र 20 वर्ष निवासी रामनगर पुराना पुलिस चौकी के पास, थाना गुढियारी रायपुर।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नंदनी राजपूत का पति मोहन राजपूत नोपाली, थाना गुढियारी का हिस्ट्रीशीटर है, जो वर्तमान में नारकोटिक एक्ट के प्रकरण में दोषसिद्ध होकर केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा है।
रक्षाबंधन एवं आगामी त्यौहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस द्वारा बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी लगातार जारी रखी जाएगी।