डुमरतालाब में पत्नी-बच्चों की हत्या करने की नियत में था युवक, समय रहते पुलिस ने टाली बड़ी वारदात

रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र के डुमरतालाब में पुलिस की तत्परता से एक संभावित गंभीर घटना समय रहते टल गई। शराब के नशे में पत्नी और दोनों बच्चों से मारपीट करने के बाद हथियार लेकर उत्पात मचा रहे आरोपी को डायल-112 और आमानाका पुलिस की टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को डुमरतालाब निवासी देवेंद्र सिंह राजपूत (लगभग 40 वर्ष) शराब के नशे में अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। इसके बाद वह हथियार लेकर घर से बाहर निकल गया और क्षेत्र में उत्पात मचाने लगा।मोहल्लेवासियों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी हथियार लेकर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।

आरोपी को थाना आमानाका लाने के बाद उसके कब्जे से दो हथियार बरामद किए गए। मामले में आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की विवेचना एवं आवश्यक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित गंभीर घटनाओं को समय रहते रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में डायल-112 एवं थाना आमानाका पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *