नेपाल। नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया है. इस वीडियो में कुछ लोग बाढ़ में मारे गए एक महिला के शव से सोने की बालियां चुराते हुए नजर आ रहे हैं.
वीडियो वायरल होते ही नेपाल पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया. यह घटना ऐसे समय हुई है जब नेपाल इस दशक की सबसे भयानक बाढ़ आपदा से जूझ रहा है, जिसमें अब तक करीब 400 लोगों की जान जा चुकी है.
यह वीडियो 41 सेकंड का है और इसमें साफ देखा जा सकता है कि दो लोग एक महिला के शव को लकड़ी के तख्तों की मदद से और बालों से खींचकर ले जा रहे हैं. इसके बाद वे शव के दोनों कानों से सोने की बालियां निकालकर एक तरफ रख देते हैं.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आसपास कई लोग खड़े होकर यह सब देख रहे थे और कुछ लोग तो इसे अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी कर रहे थे. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर फैला, लोगों ने इसकी कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि शव से बालियां चुराने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने वीडियो का एक हिस्सा भी शेयर किया.