बड़े उरला शराब दुकान के पास लूट, तीन गिरफ्तार

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के बड़े उरला शराब दुकान के पास चाकू दिखाकर मारपीट करने और मोबाइल फोन व ₹500 नगद लूटने की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गेंदलाल ध्रुव के साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों ने चाकू दिखाकर मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा ₹500 नगद लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना अभनपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल पेट्रोलिंग टीम को मौके पर रवाना किया।

पेट्रोलिंग टीम ने घटनास्थल के आसपास तलाश शुरू की और ग्रामीणों की मदद से वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, ₹500 नगद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद कर जब्त किया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लेकर नियमानुसार किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

अभनपुर पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात में संलिप्त तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को जल्द पकड़ने में सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *