रायपुर। विधानसभा थाना परिसर में शनिवार, 29 अगस्त को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी पीने के लिए वाटर कूलर के पास पहुंचे एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक को बचाने की कोशिश में एक पुलिस आरक्षक भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गया। घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी रमेश ठाकुर (32) किसी काम से विधानसभा थाना पहुंचा था। थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर से पानी लेने के दौरान जैसे ही उसने कूलर को छुआ, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। तेज विद्युत प्रवाह के कारण रमेश मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।युवक को करंट लगने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए दौड़े।
इसी दौरान आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। स्थिति को देखते हुए तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद रमेश को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।