PM मोदी उज्बेकिस्तान और किर्गिज़ के दौरे पर रवाना, SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उज्बेकिस्तान और किर्गिज़ गणराज्य की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर रवाना हुए। प्रधानमंत्री उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर ताशकंद की राजकीय यात्रा करेंगे। इसके बाद वे किर्गिज़ गणराज्य की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे, जहां 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

ताशकंद यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के साथ व्यापार एवं निवेश, रक्षा, डिजिटल संपर्क, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। दोनों नेता भविष्य के सहयोग की कार्यसूची भी तय करेंगे।

वार्ता के दौरान ‘विकसित भारत@2047’ और ‘उज़्बेकिस्तान-2030’ के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी ताशकंद में शास्त्री स्मारक तथा ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज़ में महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी कर सकते हैं।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिज़ गणराज्य के राष्ट्रपति सादिर झापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक जाएंगे और 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस वर्ष का शिखर सम्मेलन SCO की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। भारत वर्ष 2017 से SCO का पूर्ण सदस्य है।

शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी संबोधन देंगे और सुरक्षा, संपर्क तथा अवसरों से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे। इस दौरान वे SCO सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। प्रधानमंत्री मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *