बच्ची की हत्या, बोरी में शव को पैक कर फेंका, कातिल पुलिस हिरासत में

ग्रेटर नोएडा। हल्दौनी गांव में 6 साल की मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बच्ची 28 अगस्त की रात अपने घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद ईकोटेक-3 थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया. टीमों ने आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया और CCTV फुटेज समेत अन्य माध्यमों से सुराग जुटाए. जांच के दौरान पुलिस को एक CCTV फुटेज मिला, जिसमें संदिग्ध आरोपी बोरी ले जाते हुए दिखाई दे रहा है. फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की.

तलाश अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से पास के इलाके से बच्ची का शव बरामद कर लिया. शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, बच्ची के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया जा रहा है. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्ची की मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर किसी तरह की चोट या अन्य साक्ष्य की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.

घटनास्थल पर FSL टीम के साथ पुलिस अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया है. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जांच में रेप समेत सभी संभावित पहलुओं को शामिल किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *