कोंडागाँव। फरसगांव रक्षाबंधन के दिन ग्राम चिचाड़ी के सोडापारा में एक घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। 16 वर्षीय कक्षा 10वीं के छात्र साहिल नेताम पिता चैतूराम नेताम ने गांव के जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रक्षाबंधन पर बहन भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी में थी, लेकिन भाई की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया।
परिजनों के अनुसार, साहिल गुरुवार शाम करीब 7 बजे घर से निकला था। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शुक्रवार शाम जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीण ने पेड़ पर साहिल का शव देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन फरसगांव थाना पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।