रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना डी.डी. नगर पुलिस ने खल्लारी चौक क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पाउच देशी मदिरा मसाला शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना डी.डी. नगर पुलिस टाउन भ्रमण अभियान पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खल्लारी चौक क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम खगेश पाल (26 वर्ष), पिता देवराम पाल, निवासी बांसताल, खल्लारी चौक, थाना डी.डी. नगर, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे 35 पाउच देशी मदिरा मसाला शराब बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 180 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।