रायपुर। राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र में सिविल लाइन पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 1 लाख 14 हजार 500 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे चिप्स जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की शाम अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईलेवन ग्राउंड, कटोरा तालाब में कुछ लोग खंभे की रोशनी में ताश के पत्तों पर रुपये-पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि 9 लोगों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रनवीर सिंह (32), सागर बालानी (33), यरुल श्रीवास्तव (30), वैभव मल्होत्रा (26), किन्तव पारेख (33), अंकुर श्रीवास्तव (28), वरुण यदु (32), सागर शर्मा (28) और नमन अग्रवाल (28) के रूप में हुई है। सभी रायपुर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने मौके से नगदी रकम, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे चिप्स को गवाहों के सामने जब्त किया।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है।पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद सक्षम जमानतदार पेश किए जाने पर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। कार्रवाई सिविल लाइन थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।