धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा डायल-112 के माध्यम से त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में भखारा रोड पर अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में डायल-112 टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।





पहली घटना ग्राम सिर्वे तालाब के पास हुई, जहां स्कूटी से गिरकर एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना डायल-112 को मिली। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। घायल की पहचान संतोष धीमर निवासी तेलीगुड़ा, थाना रानीतराई के रूप में हुई, जो स्कूटी चलाते समय अनियंत्रित होकर गिर गए थे। डायल-112 टीम ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया तथा उनके परिजन देवराम साहू निवासी ग्राम सिर्वे को घटना की सूचना दी।
इस कार्रवाई में ERV में तैनात आरक्षक फगेंद्र साहू एवं चालक हीतेश विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।वहीं दूसरी घटना सिहाद मोड़ के आगे राइस मिल के पास हुई, जहां दो व्यक्तियों के मोटरसाइकिल से गिरकर घायल होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर डायल-112 पाइथन-1 भखारा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया।
धमतरी पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता और उनका जीवन बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि दुर्घटना होने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर पुलिस और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।