Headlines

आरंग के पास भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, बलौदाबाजार से शराब लाकर खपाने की साज़िश नाकाम

आरंग। अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 220 पाव अवैध शराब बरामद की है।

जब्त शराब की अनुमानित कीमत 24,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की सुजुकी स्कूटी, जिसकी कीमत करीब 1.10 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार 1,34,600 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक 29 अगस्त 2026 को थाना आरंग क्षेत्र के ग्राम कुरूद स्थित कोटवार गली में अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।

इस दौरान यश कुमार कोसले (22), निवासी नवागांव, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार और शिव कुमार साहू (38), निवासी वार्ड नंबर 11 गिधपुरी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई। इसमें 70 पाव देशी मदिरा मसाला शोले, 20 पाव देशी मदिरा मसाला रोमियो और 130 पाव गोल्डन गोवा शराब शामिल है। कुल 220 पाव शराब की कीमत करीब 24,600 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी स्कूटी को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कुरूद के कोटवार गली में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। आरंग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *