व्हाट्सऐप स्टेटस से गांव में उपजा विवाद, फैली अशांति, अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार

धमतरी। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों को लेकर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। बोराई थाना क्षेत्र के ग्राम कसपुर में व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार कसपुर निवासी उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी (30 वर्ष) ने 20 अगस्त 2026 को अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर गांव के सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणों के संबंध में अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद गांव में विवाद और अशांति की स्थिति बनने की शिकायत पुलिस को मिली। बताया गया कि पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद आरोपी के लड़ाई-झगड़े और मारपीट पर उतारू होने की स्थिति की जानकारी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम ने ग्रामीणों के साथ थाना बोराई पहुंचकर शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया।

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बोराई पुलिस ने आरोपी उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। इसके साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नगरी के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और कानूनसम्मत तरीके से उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर ऐसी कोई सामग्री पोस्ट, शेयर या प्रसारित न करें, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा प्रभावित हो, सामाजिक सौहार्द बिगड़े या शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बने। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार प्रभावी वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *