रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राहगीर का रास्ता रोककर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, वाहन में तोड़फोड़ तथा मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल 4 अपचारी बालकों को भी विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड, माना के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार ग्राम चिल्हाती, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर निवासी रोहित कुमार यादव (40) 29 अगस्त की रात अपने टूफान वाहन क्रमांक CG 04 QR 4710 से धमतरी की ओर जा रहे थे। रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा, गोबरा नवापारा के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।आरोप है कि आरोपियों ने रोहित कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू, डंडे और हाथ-मुक्के से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके वाहन में तोड़फोड़ कर करीब 16 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। आरोपियों ने मोबाइल फोन और नगदी रकम भी लूट ली और मौके से फरार हो गए।पीड़ित की शिकायत पर गोबरा नवापारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर धारा 126(2), 296, 115(2), 118(1), 351(2), 310(2), 324(4) एवं 111 बीएनएस के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में सागर साहू (22), चंदन यादव (19), टीकम साहू (19), मुकेश नगराची (19) और घनश्याम निषाद (19) शामिल हैं। सभी आरोपी नवापारा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक मामले में 4 अपचारी बालक भी शामिल हैं। उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, माना के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडा और मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।मामले में विवेचना जारी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच और पतासाजी कर रही है।