रायपुर शहर में 2 स्पा सेंटर सील

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच के बाद नॉर्थ जोन पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए पंडरी थाना क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों को सील कराया है। इन सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के साथ ही लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाना पाया गया।दरअसल, 29 अगस्त को रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों में एक साथ व्यापक जांच अभियान चलाया गया था।

इस कार्रवाई में पुलिस की 15 टीमों ने राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्पा सेंटरों की जांच की थी। जांच के दौरान दस्तावेज, कर्मचारियों की जानकारी, ग्राहक एवं स्टाफ रजिस्टर, CCTV व्यवस्था और अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई थी। इसी जांच के कड़ी में 30 अगस्त को नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की।

उषा प्राइड, मोवा स्थित रिफ्लेक्शन स्पा और अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने तथा लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किए जाने पर नगर निगम की टीम ने थाना पंडरी पुलिस की मौजूदगी में दोनों सेंटरों का पंचनामा तैयार कर उन्हें विधिवत सील कर दिया।

पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि गुमास्ता एवं ट्रेड लाइसेंस की शर्तों का पूरी तरह पालन करते हुए ही सेंटर संचालित करें। सेंटर में CCTV कैमरे लगाकर उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर मेंटेन करने, ग्राहकों का ID प्रूफ लेने और कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *