रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र में कॉलोनी में नशा करने से रोकना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। रोक-टोक करने पर साथी गार्डों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में पीड़ित के नाक, चेहरे और बाएं हाथ में चोटें आई हैं।पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, प्रदीप सिंह अशोका रतन एवं अशोका रॉयल, मोवा में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है।
उसके साथ मनोज साहू नामक व्यक्ति भी अशोका रतन मोवा के ए-ब्लॉक में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करता है।प्रदीप सिंह ने बताया कि 30 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी ड्यूटी पर था। इसी दौरान मनोज साहू अपने दो अन्य साथियों के साथ कॉलोनी की तरफ नशा करने के लिए जा रहा था। प्रदीप ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि मनोज साहू और दोनों अन्य गार्डों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से प्रदीप के साथ मारपीट की, जिससे उसके नाक, चेहरे और बाएं भुजा में चोटें आईं। पीड़ित ने घटना की शिकायत पंडरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।