चिराग पासवान पर आतंकी हमले का खतरा, मैसेज से गृह मंत्रालय में हड़कंप

दिल्ली। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को कथित तौर पर आतंकियों से जान से मारने की धमकी मिली है। केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के पास एक धमकी भरा मैसेज पहुंचा है। उसमें कहा गया है कि चिराग पासवान को आतंकवादी जल्द ही मार देंगे। इस मैसेज से सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया है। चिराग के सरकारी अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा। इसमें धमकी भरे मैसेज पर तुरंत संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। बता दें कि चिराग पासवान को अभी जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक सिंह ने अपने पत्र में गृह मंत्रालय से आग्रह किया है कि चिराग पासवान की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाए। जरूरत पड़ने पर उसे और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि चिराग के आगामी दिनों में कई सार्वजनिक कार्यक्रम होने हैं, ऐसे में इस मामले को बहुत गंभीरता और प्राथमिकता के साथ लिया जाए।

उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय को दो नंबर से मंगलवार को बिना साइन किया हुए एक संदेश पत्र प्राप्त हुआ। इस मैसेज को खोलने पर पता चला कि उसमें केंद्रीय मंत्री को सीधे जान से मारने की धमकी दी गई है। उसमें लिखा था कि कट्टर आतंकवादी उनकी जल्द ही हत्या कर देंगे।

चिराग के निजी सचिव ने गृह सचिव से कहा है कि इस मैसेज में कट्टर आतंकवादी का जिक्र होना काफी गंभीर विषय है। इससे केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। उन्होंने मामले की तत्काल पूरी जांच कराने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *