उत्तराखंड। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. नैनीताल जिले से आपदा की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां हल्द्वानी के रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर अंतिम संस्कार के लिए लाई गई डेड बॉडीज गौला नदी के तेज बहाव में बह गईं. चिता पर रखे शवों के साथ ही कई चिताओं को गौला नदी का उफनता पानी अपने साथ बहा ले गया.
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल का देश और दुनिया से सड़क संपर्क लगभग पूरी तरह कट गया है. नैनीताल को हल्द्वानी और कालाढूंगी से जोड़ने वाले दोनों मुख्य मार्ग लैंडस्लाइड के मलबे के कारण पूरी तरह बंद हो गए हैं.
हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर पहाड़ों से गिरे मलबे और बोल्डर की चपेट में दो कारें आ गईं. हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन राहगीरों में डर का माहौल है.
पहाड़ों पर लगातार दरकती चट्टानों के कारण पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिलों को जोड़ने वाली करीब 141 सड़कें बंद हो चुकी हैं. इनमें नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और ग्रामीण लिंक मार्ग शामिल हैं.