लोरमी। जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, सगे भाई ने ही अपने भाई और भाभी की हत्या की थी। मामले में आरोपी नंदु कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला तब सामने आया, जब नवलपुर स्थित एक बंद मकान से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान का ताला तुड़वाया तो अंदर बिस्तर पर 50 वर्षीय नंदकुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरीबाई कश्यप के शव मिले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मामले की जांच के लिए विशेष निर्देश दिए। लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही तकनीकी इनपुट और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मृतक के सगे भाई नंदु कश्यप पर पुलिस का संदेह गहराया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पैतृक जमीन के 50 डिसमिल हिस्से को लेकर चल रहे विवाद और पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने 19 अगस्त की दरम्यानी रात कुदरी से हमला कर अपने भाई और भाभी की हत्या कर दी थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुदरी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले का खुलासा करने वाली लोरमी पुलिस की कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।