रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा में सूने मकानों में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में एक महिला सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल लक्ष्मण महानंद पहले भी टिकरापारा थाना क्षेत्र के चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

ताले तोड़कर दो मकानों से जेवरात और नगदी की चोरी
पुलिस के अनुसार, रावतपुरा फेस-02 निवासी श्याम तांती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 से 17 सितंबर 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम और बाथरूम व किचन में लगे नल चोरी कर लिए गए। इसी तरह रावतपुरा कॉलोनी निवासी देवनारायण साहू के मकान में भी चोरी की घटना हुई। 7 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने के जेवरात और चांदी का सिक्का पार कर दिया। दोनों मामलों में टिकरापारा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक रजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। संदिग्धों की गतिविधियों, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचनाओं का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की गई।इसके बाद पुलिस ने लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन को पकड़कर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी की दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि दूसरी चोरी के मामले में चुराए गए सोने के कुछ आभूषण बिक्री के लिए दुरपती बाई साहू को दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने दुरपती बाई साहू की संलिप्तता पाए जाने पर उसे भी गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख के सोने-चांदी के आभूषण जब्त
पुलिस ने दोनों चोरी के मामलों में लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन को आरोपी बनाया है। वहीं, दूसरे मामले में दुरपती बाई साहू को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
लक्ष्मण महानंद (28 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, रावतपुरा फेस-01
शेख खोकन (37 वर्ष) निवासी गोवर्धन बाड़ा, तेलीबांधा, रायपुर।
दुरपती बाई साहू (37 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, रावतपुरा फेस-01, रायपुर
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण महानंद पूर्व में भी टिकरापारा थाना क्षेत्र के चोरी के मामलों में जेल में निरुद्ध रह चुका है। दोनों घटनाओं का खुलासा एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हुआ।