रायपुर। राजधानी रायपुर में आज 3 सितंबर को सुबह से बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम केंद्र रायपुर ने भारी वर्षा की चेतावनी (Orange Warning) जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के बेमेतरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और मुंगेली जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम केंद्र रायपुर द्वारा जारी चेतावनी के मुताबिक भारी बारिश के कारण सड़कों में फिसलन बढ़ सकती है। सड़कों पर जलजमाव के चलते प्रमुख शहरों में यातायात बाधित होने से यात्रा का समय बढ़ सकता है। इसके अलावा भारी बारिश के दौरान दृश्यता में कमी आने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। नहरों पर बने निचले पुलों को बंद किया जा सकता है और खेतों में जलभराव होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।