रायपुर। राजधानी रायपुर में एक ज्वेलरी दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 4 लाख रुपये कीमत के चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की शिकायत दुकान संचालक अजय मंडल ने पुरानी बस्ती थाने में दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, अजय मंडल ने 31 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद की थी। इसके बाद वह दुकान में ताला लगाकर घर चले गए। अगले दिन 1 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का एक तरफ का ताला टूटा हुआ मिला। शटर भी जमीन से उठा हुआ था।
दुकान के अंदर जाकर सामान की जांच करने पर कई चांदी के सामान गायब मिले। चोरी हुए सामान में 25 जोड़ी हाथ के कड़े, 50 ब्रेसलेट, 50 जोड़ी बिछिया, 70 बच्चों के लॉकेट, 8 कटोरी, 8 चम्मच, 8 गिलास, 100 लॉकेट और 40 चंद्रमा लॉकेट शामिल हैं। दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये है। उन्होंने आशंका जताई कि अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चांदी के सामान चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।