नौकरी छोड़ने की बात पर विवाद, CA और उनके बेटे ने कर्मचारी को पीटा, हत्या की धमकी दी

रायपुर। राजधानी रायपुर में नौकरी छोड़ने की बात को लेकर एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी गिरिराज साहू ने खम्हारडीह थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने CA मनीकांत अग्रवाल और उनके बेटे उज्जवल अग्रवाल पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, गिरिराज साहू शंकर नगर स्थित क्रिस्टल आर्केड में CA मनीकांत अग्रवाल के कार्यालय में अकाउंटेंट के रूप में काम करते हैं। गिरिराज ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को मनीकांत अग्रवाल ने उन्हें पेमेंट का चेक दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह अगले दिन से नौकरी छोड़ रहे हैं और इसकी जानकारी वह करीब एक महीने पहले तथा एक सप्ताह पहले भी दे चुके हैं। गिरिराज का आरोप है कि नौकरी छोड़ने की बात पर मनीकांत अग्रवाल नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि वह नौकरी नहीं छोड़ सकते। आरोप के मुताबिक, उन्होंने यह भी कहा कि नौकरी छोड़ने पर बैंक में बोलकर चेक रद्द करवा देंगे।

गाली-गलौज के बाद मारपीट का आरोप

शिकायत में गिरिराज ने बताया कि उन्होंने जब आगे काम करने से इनकार किया तो मनीकांत अग्रवाल और उनके बेटे उज्जवल अग्रवाल ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर दोनों ने कथित तौर पर हाथ-मुक्के से मारपीट की।

गिरिराज के मुताबिक, मारपीट में उनके दोनों गाल और माथे पर चोट आई है। घटना के बाद उन्होंने अपने पिता सरजू राम साहू को मामले की जानकारी दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *