रायगढ़। जेएसपीएल कंपनी के डंप यार्ड से लोहे का वेस्ट मटेरियल चोरी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को कोतरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत की।
मामले में पुलिस ने आरोपी अजीज खान (32), निवासी सिलतरा, रायपुर को 2 सितंबर को रायपुर से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, नवंबर 2025 में जेएसपीएल के कलमी स्थित डंप यार्ड से बड़ी मात्रा में लोहे का वेस्ट मटेरियल गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले कुशलराम यादव, शंभू यादव और लक्की कंवर को गिरफ्तार किया था।
इन आरोपियों के कब्जे से दो ट्रेलर, तीन मोबाइल और करीब 3.6 टन वेस्ट मटेरियल बरामद किया गया था। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई थी। जांच में वाहन चालक कुशलराम यादव के बयान के आधार पर अजीज खान की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, अजीज खान वेस्ट मटेरियल की चोरी और उसकी खरीदी-बिक्री में संलिप्त था।
आरोपी की गिरफ्तारी में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।