बिलासपुर पुलिस के जवान को जबरन रिटायर किया गया

बिलासपुर। पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक को ड्यूटी से बिना सूचना लंबे समय तक गायब रहने और घोर लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस सेवा से अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया गया है। इस संबंध में एसएसपी कार्यालय से आदेश जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन बिलासपुर में पदस्थ आरक्षक दिनेश प्रधान को 29 नवंबर 2023 को जिला बीजापुर में डाक ड्यूटी के लिए भेजा गया था। उसे डाक वितरण का कार्य पूरा करने के बाद 2 दिसंबर 2023 तक वापस लौटना था, लेकिन वह निर्धारित समय पर वापस नहीं आया और 32 दिन बाद 3 जनवरी 2024 को पुलिस लाइन बिलासपुर पहुंचा।

इसी तरह आरक्षक दिनेश प्रधान को 10 अक्टूबर 2024 को पीपी कोर्स के लिए पुलिस प्रशिक्षण केंद्र मैनपाट भेजा गया था। यहां से भी वह निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा और 22 दिन बाद ड्यूटी पर वापस पहुंचा।

लगातार इस तरह ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के मामले में विभागीय जांच कराई गई। जांच में आरक्षक के खिलाफ लगाए गए दोनों आरोप प्रमाणित पाए गए। उसे अपना जवाब प्रस्तुत करने के लिए कई अवसर दिए गए, लेकिन वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपस्थित नहीं हुआ।

विभागीय कार्रवाई के दौरान यह माना गया कि आरक्षक की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही सामने आई है और पुलिस सेवा के प्रति उसकी रुचि नहीं है। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने आरक्षक दिनेश प्रधान को आदेश प्राप्ति की तारीख से अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने का आदेश जारी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *