राजनांदगांव में जमीन दलालों के बीच खूनी संघर्ष, एक की हत्या

राजनांदगांव। चिखली चौकी क्षेत्र के दीनदयाल नगर में जमीन खरीदी-बिक्री के कमीशन की रकम को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को दीनदयाल नगर में हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर चिखली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान अर्जुन वाधवानी के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अर्जुन 2 सितंबर की रात घर से निकला था, लेकिन सुबह तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजन और परिचित उसकी तलाश करते हुए दीनदयाल नगर स्थित सुनील वर्मा के किराए के मकान तक पहुंचे।

मकान के पीछे बने हॉल में चादर में लिपटा अर्जुन का शव मिलने के बाद हत्या का खुलासा हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और अर्जुन जमीन खरीदी-बिक्री का काम करते थे। जमीन के एक सौदे में करीब 6 लाख रुपये कमीशन मिला था। आरोपी अपने हिस्से की आधी रकम मांग रहा था, लेकिन अर्जुन पिछले कई महीनों से रकम देने में टालमटोल कर रहा था।

घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर सुनील ने मकान में रखे लोहे के सब्बल से अर्जुन के सिर और माथे पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे हॉल में छिपा दिया और मकान में ताला लगाकर वहां से निकल गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का सब्बल और मृतक की कार जब्त कर ली है।

पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू, पिता उमाशंकर वर्मा, उम्र 29 वर्ष, निवासी रामनगर वार्ड क्रमांक 8, वर्तमान निवासी दीनदयाल नगर चिखली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे 4 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *