तमिलनाडु। ईरोड में सरकारी स्कूल के मिड-डे मील के तहत तैयार किए गए सांभर में गोबर पाउडर मिलाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में अरुमुगम नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 123 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, अरुमुगम ने अपनी पत्नी को स्कूल की रसोईया की नौकरी से हटाए जाने का बदला लेने के लिए कथित तौर पर एक छात्र पर दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपी के दबाव में छात्र ने स्कूल में तैयार सांभर के एक हिस्से में गोबर पाउडर मिला दिया।
घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि मामले की शिकायत 1 सितंबर को दर्ज कराई गई। स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।बताया जा रहा है कि छात्रों को भोजन परोसने से पहले स्कूल के शिक्षक खाने का स्वाद चखते हैं। सांभर का स्वाद चखने पर शिक्षकों को वह बेहद कड़वा लगा। शुरुआत में उन्हें लगा कि खाना बनाते समय गलती से हल्दी की मात्रा अधिक हो गई होगी। इसके बाद जब जांच की गई तो सांभर में गोबर पाउडर मिलाए जाने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, गोबर पाउडर केवल शिक्षकों के लिए रखे गए टेस्टर हिस्से में मिलाया गया था। राहत की बात यह रही कि मिलावटी सांभर छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन तक नहीं पहुंचा।जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी की पत्नी स्कूल में रसोईया के तौर पर काम करती थी। उसके तैयार किए गए भोजन को लेकर शिकायतें मिलने के बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया था। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर यह साजिश रची।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि छात्र पर किस तरह दबाव बनाया गया और इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।