रायगढ़। घर के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई पर लोहे के टांगा से जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम चिमटापानी निवासी रूपधर राठिया (47) का अपने बड़े भाई महेत राम राठिया से घर को लेकर विवाद चल रहा था। 22 जून 2026 को दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान रूपधर ने लोहे के टांगा से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया। हमले में महेत राम के सिर और बाईं आंख के पास गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान 4 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव वापस आया है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का टांगा बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में पहले दर्ज धाराओं के साथ मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(2) बीएनएस भी जोड़ी थी।