CM मोहन यादव ने बिट्टू तबाही का पीठ थपथपाया, Video

अजनार नदी की सफाई के प्रयास को बताया प्रेरणादायी

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यावरा के रहने वाले सुरेंद्र सिंह चौधरी ‘बिट्टू तबाही’ की पहल की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने भोपाल निवास पर उनसे आत्मीय मुलाकात की और अजनार नदी की सफाई के लिए किए गए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि बिट्टू ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के दम पर अजनार नदी की सफाई का बीड़ा उठाया। उन्होंने कहा कि इस पहल ने यह संदेश दिया है कि समाज में बदलाव लाने के लिए बड़ी भीड़ की जरूरत नहीं होती, बल्कि एक सच्ची और मजबूत पहल भी बड़ा परिवर्तन ला सकती है।

सीएम ने कहा कि बिट्टू की यह पहल ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की भावना को मजबूत करती है। इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जल स्रोतों का संरक्षण और उनका पुनर्जीवन करना है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अजनार नदी से शुरू हुआ यह संकल्प प्रदेश के अन्य युवाओं को भी अपने आसपास के नदी, तालाब और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बिट्टू के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उनके इस कार्य पर पूरे प्रदेश को गर्व है।

मुख्यमंत्री की ओर से मिली इस सराहना के बाद ‘बिट्टू तबाही’ की नदी संरक्षण की पहल एक बार फिर चर्चा में आ गई है। यह पहल युवाओं की भागीदारी से पर्यावरण और जल संरक्षण की दिशा में किए जा सकने वाले प्रयासों का उदाहरण बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *