रायपुर। शहीद स्मारक के पास सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को मौदहापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे की तलवार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहीद स्मारक के पास एक युवक हाथ में तलवार लेकर उसे लहराते हुए लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अंकित नेताम (19), निवासी गोंढ़पारा, छेरीखेड़ी, थाना मंदिर हसौद, रायपुर के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार जब्त की गई। मामले में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 143/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
हत्या के मामले में पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, अंकित नेताम का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह पूर्व में थाना तिल्दा-नेवरा में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल तलवार लहराने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।