रायपुर में 18 अपराध करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

रायपुर। सड्डू बाजार में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले हिस्ट्रीशीटर को विधानसभा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे की तलवार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सड्डू बाजार स्थित सुलभ शौचालय के पीछे एक व्यक्ति हाथ में तलवार लेकर लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान गोपाल ताण्डी, निवासी खालबाड़ासड्डू, थाना विधानसभा, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से एक लोहे की धारदार तलवार जब्त की। मामले में थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 317/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।

18 आपराधिक मामले पहले से दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गोपाल ताण्डी थाना विधानसभा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर जिले के सिविल लाइन, आजाद चौक, पंडरी और विधानसभा थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट, बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और जुआ एक्ट समेत 18 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है और वह इन मामलों में जेल में निरुद्ध रह चुका है। फिलहाल तलवार बरामदगी के मामले में पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *