सहायक शिक्षक और बेटे की पिटाई, बालोद में कर्जदार परिवार की गुंडागर्दी

बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र में उधारी के पैसे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। सहायक शिक्षक प्रांजल जई ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए योगेश बाफना उर्फ विक्की, उसकी पत्नी करिश्मा बाफना और उसकी मां पर उनके 16 वर्षीय बेटे के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने खुद के साथ भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की बात कही है।

शिकायत के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:36 बजे योगेश बाफना उर्फ विक्की ने मैसेज और कॉल कर उधारी के पैसे वापस करने के लिए प्रांजल जई के 16 वर्षीय बेटे सुजल जई को अपने घर के पास बुलाया। इसके बाद सुजल वहां पहुंचा। कुछ देर बाद उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि योगेश बाफना, उसकी पत्नी और मां उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर रहे हैं।

बेटे का फोन आने के बाद प्रांजल जई तत्काल योगेश बाफना के घर के पास पहुंचे। शिकायत में आरोप है कि वहां उन्होंने अपने बेटे सुजल को तीनों आरोपियों के साथ देखा, जो कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो तीनों ने एक राय होकर उनके साथ भी कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

मारपीट में प्रांजल जई ने अपने पेट में दर्द होने की बात कही है, जबकि उनके बेटे सुजल के बाएं हाथ की हथेली और सिर में चोट एवं दर्द होने की शिकायत बताई गई है। घटना को दीपु नामक व्यक्ति द्वारा देखे और सुने जाने का भी शिकायत में उल्लेख किया गया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *