दुर्ग। शहर के इंदिरा मार्केट स्थित एक घड़ी दुकान में कथित तौर पर नकली Titan-Fastrack घड़ियां बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी की ओर से जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, SNG Solicitors LLP के पार्टनर गौरव तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी कंपनी को Titan कंपनी की ओर से असली और नकली घड़ियों की जांच करने तथा नकली उत्पाद पाए जाने पर पुलिस के सहयोग से कानूनी कार्रवाई कराने का अधिकार प्राप्त है। शिकायत के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम दुर्ग पहुंची। सूचना में बताया गया कि इंदिरा मार्केट में होटल मान लाइन नवाब प्लाजा के सामने स्थित सत कबीर वाच नामक दुकान में कथित तौर पर Titan (Fastrack) के नाम से नकली घड़ियां बेची जा रही हैं। दुकान संचालक की पहचान कमलेश निरमलकर, उम्र 41 वर्ष, निवासी दुर्ग के रूप में बताई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दुकान से लंबे समय से कंपनी के नाम का कथित तौर पर दुरुपयोग कर नकली घड़ियों की बिक्री की जा रही थी।
कंपनी और ग्राहकों को नुकसान का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, नकली घड़ियों की बिक्री से कंपनी के साथ-साथ सरकार को भी आर्थिक नुकसान होता है, जबकि ग्राहक भी कथित रूप से धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोपी का कृत्य कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत अपराध पाए जाने पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।