धमतरी शहर में प्रार्थना सभा को हिन्दू संगठन ने कराया बंद

धमतरी। शहर में किराए के मकान में आयोजित की जा रही कथित प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति बन गई। सभा की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आयोजन पर आपत्ति जताते हुए इसे कथित तौर पर अवैध बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

विवाद बढ़ने पर मौके पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई, जिसके चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कार्रवाई को लेकर तीखी बहस भी हुई। संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा के आयोजन की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी नारेबाजी किए जाने की बात सामने आई है। विवाद के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी रखी गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है। दोनों पक्षों से पूछताछ और आयोजन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि प्रार्थना सभा के आयोजन में किसी नियम या कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *