ईरान। पश्चिमी ईरान में एक ईंधन टैंकर में धमाका होने से 11 लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए. ईरान की सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी. IRNA ने शनिवार देर रात बताया कि कुर्द शहर सनंदाज के पास एक ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के नजदीक टैंकर ने कारों को टक्कर मारी और इसके बाद उसमें आग लग गई. रिपोर्ट में इसके पीछे ब्रेक सिस्टम में खराबी को वजह बताया गया है.
न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, सैनंदाज के गवर्नर ने बताया कि यह हादसा टैंकर ले जा रहे वाहन के ब्रेकिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हुआ. गवर्नर ने यह भी कहा कि शुरुआती रिपोर्टों के आधार पर कम से कम छह अन्य लोग घायल हुए हैं. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद लगी आग पर तुरंत काबू पा लिया गया. उन्होंने मारे गए लोगों की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. यह ताजा घातक हादसा ईरान में टैंकर और बसों की टक्कर से होने वाली दुर्घटनाओं के लंबे इतिहास में एक और घटना है. खराब सड़कें, पुराने वाहनों का बेड़ा और भारी मालवाहक यातायात ऐसी दुर्घटनाओं को बार-बार होने वाला खतरा बना चुके हैं.
2018 में भी सैनंदाज के पास एक ईंधन टैंकर और इंटरसिटी यात्री बस के बीच इसी तरह की सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी और चार लोग घायल हुए थे. ईरान में सड़क और यातायात दुर्घटनाओं में हर साल 17,000 से अधिक लोगों की मौत होती है. एक्सपर्ट के मुताबिक, इसके पीछे असुरक्षित वाहन, यातायात नियमों की अनदेखी और अपर्याप्त इमरजेंसी सेवाएं प्रमुख कारण हैं.