पति के स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना पर बंगले पहुंची महिला, गैंगरेप का शिकार

जाजपुर। ओडिशा के जाजपुर जिले के चंडीखोल इलाके में 32 वर्षीय महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक पीड़िता का परिचित है। आरोप है कि उसने फोन कर महिला को उसके पति की तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। पति की बीमारी की बात सुनकर महिला मंगलवार शाम करीब सात बजे बस से चंडीखोल पहुंची।

पुलिस के अनुसार, चंडीखोल पहुंचने के बाद आरोपी महिला को एक सुनसान बंगले में ले गया। कुछ देर बाद उसका एक दोस्त भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने शराब पी और इसके बाद महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

घटना के बाद महिला ने बुधवार रात कलिंग नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश में बड़चना और जेनापुर इलाके में छापेमारी की। शनिवार को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कलिंगनगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुप्रसन्न मल्लिक के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, पीड़िता का इलाज सुकिंदा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में चल रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *