कांकेर। जिले में ओवरटेक को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी के बेटे और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमन मंडावी पर बस ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट करने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर दोनों पक्षों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, अब तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
बताया जा रहा है कि घटना शनिवार देर रात कांकेर में हुई। सामने आए वीडियो में बस ड्राइवर एक युवक की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाता नजर आ रहा है कि शराब के नशे में वाहन चलाते हुए युवक ने उसके साथ पहले मारपीट की। इसके बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच विवाद होता दिखाई देता है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अमन मंडावी को थाने लेकर गई। बताया जा रहा है कि सुबह उन्हें थाने से छोड़ दिया गया। वीडियो में पुलिस दोनों पक्षों से थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की बात कहती हुई भी नजर आ रही है।
फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं होने के कारण पुलिस की ओर से अपराध दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।