लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन पर ओयल पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय कार आग की चपेट में थी। पुलिस ने किसी तरह कार के शीशे और गेट तोड़कर सभी छह लोगों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान तीन युवकों ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान आयुष कुमार, शिवा सिंह और आकाश वर्मा के रूप में हुई है। वहीं घायलों में पीयूष सिंह, अमन वर्मा और उत्कर्ष शामिल हैं। सभी मृतक और घायल सदर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और आपस में दोस्त थे।
पुलिस के मुताबिक, घायलों ने बताया कि वे कार से सीतापुर जा रहे थे। इसी दौरान ओयल पुलिस चौकी के पास कार अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई।