मियामी। अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को अमेजन का एक मालवाहक विमान रनवे से बाहर निकल गया। हादसे के बाद विमान ने कुछ वाहनों को टक्कर मार दी और उसमें आग लग गई। इस दुर्घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।
मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों के मुताबिक, विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया था और दोपहर करीब दो बजे हवाई अड्डे पर उतरते समय रनवे से आगे निकल गया। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि दो अन्य को भी चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक विमान में सवार थे या उन वाहनों में मौजूद थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी। हादसे के बाद मौके पर घना काला धुआं फैल गया। पायलट और सह-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे, जबकि कुछ लोग कारों में फंसे मिले।
हादसे के कारण मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन भी प्रभावित हुआ। विमान से ईंधन का रिसाव होने के कारण दमकलकर्मी कई घंटे तक राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे। यह उड़ान नॉर्थ कैरोलाइना की मालवाहक विमानन कंपनी 21 एयर द्वारा संचालित की गई थी। विमान 32 साल पुराना बोइंग 767 था, जिसे पहले यात्री विमान के रूप में इस्तेमाल किया जाता था और बाद में मालवाहक विमान में परिवर्तित किया गया था।