सिर्फ 51 लोगों को बारात में ले जाने का नियम बनाया पंचायत ने, सगाई में केवल 5

पलवल। शादी-ब्याह और सामाजिक आयोजनों में बढ़ती फिजूलखर्ची और आर्थिक बोझ को कम करने के लिए हरियाणा की खाप पंचायतों ने बड़ा फैसला लिया है। पलवल के गांव मंडकोला में रविवार को 36 बिरादरी और 52 पाल की महापंचायत हुई। इसमें एनसीआर क्षेत्र से करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। महापंचायत में सामाजिक कुरीतियों और अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने के लिए 22 अहम फैसले लिए गए।

महापंचायत की अध्यक्षता 52 पाल के अध्यक्ष अरुण जेलदार ने की। बैठक में विभिन्न पालों के अध्यक्षों के साथ कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अरुण जेलदार ने बताया कि अब सगाई की रस्म में लड़के को केवल एक रुपया, पांच कपड़े और एक किलो मिठाई दी जाएगी। सगाई में लड़के पक्ष की ओर से अधिकतम पांच लोग ही शामिल हो सकेंगे।

महापंचायत में शादी में शामिल होने वाली बारात की संख्या भी सीमित कर दी गई है। अब बारात में अधिकतम 51 लोग ही शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा विवाह समारोह में केवल शाकाहारी और सात्विक भोजन परोसने का निर्णय लिया गया है। शादी में जरूरत से ज्यादा मिठाई और तरह-तरह के व्यंजन बनाने से भी बचने की अपील की गई है।

महापंचायत में शादी समारोह में डीजे और शराब पर पूरी तरह रोक, मृत्यु भोज पर प्रतिबंध और जेवरात की सीमा तय करने जैसे फैसले भी लिए गए हैं। पंचायत का उद्देश्य शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक आयोजनों में दिखावे की होड़ तथा अनावश्यक खर्च को कम करना है।

मंडकोला में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली इस महापंचायत में लिए गए फैसलों को सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पंचायत ने समाज के लोगों से इन नियमों का पालन करने और सादगीपूर्ण तरीके से सामाजिक आयोजन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *