रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पटवारी भर्ती को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में पटवारी के 200 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
नवा रायपुर अटल नगर से 6 सितंबर 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि भर्ती सेवा भर्ती नियमों के अनुरूप की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार जिलों से प्राप्त एवं सीधी भर्ती किए जाने हेतु पदों की संख्या के आधार पर जिलों को अनुमति प्रदान की गई है।
आदेश में बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कबीरधाम, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा और सक्ती समेत विभिन्न जिलों में पदों का विवरण दिया गया है।
इस आदेश के जारी होने के बाद पटवारी पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर मानी जा रही है।
