रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र के विप्र नगर, रायपुरा में नाली साफ करने की बात को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में राजमिस्त्री रवि हुकरे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, रवि हुकरे पिछले करीब एक वर्ष से विप्र नगर में राकेश सिंह के निर्माणाधीन मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा है। 6 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे क्षेत्र में रहने वाले सिद्धार्थ देवांगन ने उसे बुलाकर नाली जाम होने की बात कहते हुए नाली साफ करने को कहा।रवि का आरोप है कि नाली साफ करने की बात को लेकर सिद्धार्थ देवांगन ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर सिद्धार्थ ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के और पास पड़ी ईंट से मारपीट की।
शिकायत में आगे बताया गया है कि इसी दौरान सिद्धार्थ का दोस्त राज कुकरेजा, उसकी बहन साक्षी देवांगन और मां संगीता देवांगन भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर रवि के साथ मारपीट की। रवि ने यह भी आरोप लगाया कि साक्षी देवांगन हाथ में लोहे का चापड़ लेकर उसे डराने-धमकाने लगी।
मारपीट में रवि के बाएं हाथ की कलाई में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।