रायगढ़। जूटमिल पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चोरी की गई चार एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जूटमिल क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों की वारदात में भी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने कुल करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 14 से 17 अगस्त के बीच मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से अलग-अलग दिनों में चार एक्टिवा चोरी हुई थीं। इस मामले में 20 अगस्त को जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 461/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली। पूछताछ में मार्शल यादव ने अपने साथी सुनील सारथी के साथ मिलकर शोरूम यार्ड में घुसकर चार स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने चोरी की स्कूटियों को नगर निगम कॉलोनी स्थित सुनील सारथी के घर के नीचे छिपाकर रखा था और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चारों एक्टिवा बरामद कर लीं।
दो पुरानी बाइक चोरी का भी खुलासा
पूछताछ में मार्शल यादव ने करीब दो माह पहले HF Deluxe बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की। बाइक का पेट्रोल खत्म होने के बाद उसे पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास छोड़ दिया गया था। पुलिस ने बाइक को पहले ही लावारिस हालत में बरामद कर लिया था।
इसी तरह करीब एक माह पहले गांधीनगर-काशीराम चौक से Dream Yuga बाइक क्रमांक CG-13-AB-8156 चोरी करने की बात भी आरोपी ने स्वीकार की। पेट्रोल खत्म होने के बाद बाइक को कोड़ातराई के पास छोड़ दिया गया था, जिसे पुलिस ने लावारिस हालत में बरामद किया था।
पूछताछ में आरोपी ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों की जानकारी दी है। पुलिस इन मामलों में भी जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मार्शल यादव आदतन वाहन चोर है और इससे पहले भी बाइक चोरी के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पिछले माह चक्रधरनगर पुलिस ने भी उसे छोटे अतरमुड़ा क्षेत्र में स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा था।
गिरफ्तार आरोपी:
- मार्शल यादव पिता धनसिंह यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी मिट्ठुमुड़ा, गांधी नगर, थाना जूटमिल, रायगढ़।
- सुनील सारथी उर्फ चद्दर पिता रामलाल सारथी, उम्र 34 वर्ष, निवासी भजनडीपा, नगर निगम कॉलोनी, थाना जूटमिल, रायगढ़।