दुर्ग में कारोबारी गिरफ्तार, टाइटन-फास्ट्रैक की नकली घड़ियों का गोरखधंधा उजागर, 280 घड़ियां बरामद

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम का दुरुपयोग कर नकली घड़ियां बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच दुकान पर दबिश देकर कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से टाइटन और फास्ट्रैक कंपनी की 280 नकली घड़ियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को टाइटन कंपनी की ओर से असली-नकली घड़ियों की जांच और कार्रवाई के लिए अधिकृत प्रतिनिधि गौरव तिवारी ने दुर्ग कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच का संचालक लंबे समय से टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का इस्तेमाल कर नकली घड़ियां बेच रहा है।

शिकायत और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शाम करीब 6 बजे दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी संख्या में नकली घड़ियां और फास्ट्रैक के नकली टैग बरामद हुए।पुलिस ने कारोबारी कमलेश निर्मलकर (41) निवासी पंचशील नगर, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 0483/2026 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

280 नकली घड़ियां और 275 टैग जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाइटन एवं फास्ट्रैक की 280 नकली घड़ियां, फास्ट्रैक कंपनी के 275 नकली टैग और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ब्रांडेड कंपनियों के नाम और ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली घड़ियों को असली बताकर ग्राहकों को बेचता था। इस तरह वह ग्राहकों से धोखाधड़ी कर अवैध लाभ कमाने का काम कर रहा था।

कार्रवाई में दुर्ग कोतवाली थाना के उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि नकली या पायरेटेड सामान की खरीद-बिक्री न करें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *