कुशालपुर तालाब के पास नशे का खेल बेनकाब, 42 प्रतिबंधित टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार

रायपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डी.डी. नगर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 42 नग Nitrazepam Tablets IP (Nitrosun-10), बिक्री की रकम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुशालपुर तालाब किनारे, अग्रोहा कॉलोनी में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित नशीली टैबलेट लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर डी.डी. नगर पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुलेश्वर यादव (21 वर्ष), पिता मनहरण यादव, निवासी ग्राम कुलगांव, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से Nitrazepam Tablets IP (Nitrosun-10) के कुल 4 पत्ते/स्ट्रिप एवं खुले टैबलेट सहित 42 नग टैबलेट बरामद हुईं।

पुलिस ने नशीली दवा की बिक्री से प्राप्त 600 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-CR-7685, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त की। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 40,936 रुपये है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 557/2026 के तहत धारा 22(बी) नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *